लखनऊ : सीएम योगी आदित्यनाथ बोले, यूपी के स्कूलों में पढ़ाई जाएगी विदेशी भाषा,

लखनऊ (जेएनएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पदभार संभालने के बाद कई ऐसे फैसले लिए जिसने उत्तर प्रदेश को सुर्खियों में लाकर खड़ा कर दिया। इसी कड़ी में उन्होंने सभी सरकारी स्कूलों में 11वीं-12वीं में एक विदेशी भाषा पढ़ाने का इरादा जताया है।

बुधवार को सीएम ने दूरदर्शन को दिए इंटरव्यू में कहा कि इससे यूपी के छात्रों को रिसर्च शुरू करने से पहले किसी विदेशी यूनिवर्सिटी में तीन महीने नहीं बिताने होंगे।

सीएम ने दूरदर्शन को दिए अपने इंटरव्यू में कहा कि प्रदेश के स्कूलों के पाठ्यक्रम में 'राष्ट्रवाद', 'देशभक्ति' और 'संस्कृति' शामिल किए जाएंगे। सीएम ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में केवल 120 दिन कक्षाएं चल रही हैं।
उन्होंने शिक्षा विभाग को कम से कम 220 दिन कक्षाएं चलाए जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र से यूपी की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव लोगों को दिखने लगेगा।

इंटरव्यू में हिंदू राष्ट्र से जुड़े सवाल के जवाब में योगी आदित्य नाथ ने कहा कि 'हिंदू राष्ट्र' का विचार अवधारणा के स्तर पर गलत नहीं है।

सीएम ने कहा, 'यदि राष्ट्र और रास्ता लोगों के जीवन शैली को बेहतर बनाने में मदद करे तो हमें उसे स्वीकार करने में हिचकना नहीं चाहिए।'

प्रदेश की नई उद्योग नीति पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि राज्य सरकार कानून- व्यवस्था की स्थिति बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि लोगों में सुरक्षा और निवेश का माहौल तैयार हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगपतियों को सभी तरह की सुविधाएं देगी लेकिन उन्हें 90 प्रतिशत नौकरियां प्रदेश के युवाओं को ही देनी होगी ताकि यहां से दूसरे प्रदेशों में होने वाला पलायन रुक सके।

टैग्स : # Yogi adityanath ,  # Foreign language ,  # Government
schools ,  # Uttar pradesh ,  # योगी आदित्यनाथ ,  # विदेशी भाषा , #
सरकारी स्कूल ,  # उत्तर प्रदेश ,

और नया पुराने

TAGS