सहारनपुर। भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर की गिरफ्तारी के तुरंत बाद बंद हुईं जिले की इंटरनेट सेवा को चार दिन बाद सोमवार को बहाल कर दिया गया। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
मेरठ की एसआईटी की टीम ने भीम आर्मी चीफ एवं 12 हजार के इनामी चंद्रशेखर को 8 जून को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। चंद्रशेखर के गिरफ्तार होते ही सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल होने शुरू हो गए।
फिर से किसी प्रकार के बवाल और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को भड़काने वाले मैसेज रोकने के लिए प्रशासन ने तुरंत ही मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद करा दीं थीं।
10 जून को प्रशासन इसकी बहाली की तैयारी कर रहा था, लेकिन 9 जून की रात को ग्राम आसनवाली निवासी प्रदीप चौहान की मौत हो जाने के बाद एक बार फिर किसी प्रकार की घटना की आशंका को लेकर दो दिन के लिए नेटबंदी को बढ़ा दिया गया।
सोमवार को लगभग 11 बजे प्रशासन ने इंटरनेट सेवाएं बहाल करा दीं। इंटरनेट चलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।