अलीगढ़ : अब तक आपने पेट्रोल-डीजल में घटतौली के बहुत से तरीके देखे होंगे, लेकिन अतरौली के गाव नरोना 12 नंबर स्थित पेट्रोल पंप पर इलेक्ट्रॉनिक रिमोट से पेट्रोल चोरी की जा रही थी।
एक युवक ने पेट्रोल डलवाते समय मामला पकड़ लिया। इससे गुस्साए अन्य ग्राहकों ने हंगामा कर रोड जाम कर दिया, जिसे पुलिस ने खुलवाया। आपूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंप को सीज कर दिया।
नरोना 12 नंबर पर कारगिल शहीद राजगांव निवासी राजवीर सिंह के नाम पर उनके परिवार को पेट्रोल पंप आवंटित की गई थी। इस पंप को उनके बेटे लोकेश व दिनेश चौधरी चलाते है। मंगलवार दोपहर गाव शफीपुर निवासी राजेश कार में पेट्रोल भरवाने आया। सेल्समैन से टंकी फुल करने को कहा।
तेल पड़ने के बाद रुपये देने का नंबर आया तो सेल्समैन ने 40 लीटर पेट्रोल के दाम मागे। राजेश चौंक गया, क्योंकि टंकी में 33 लीटर पेट्रोल आता है। राजेश की सेल्समैन से कहासुनी हो गई। युवक ने पुलिस बुलाने की धमकी दी तो सेल्समैन घबरा गया और जेब में हाथ डालकर कुछ करने लगा।
युवक को समझने में देर नहीं लगी कि उसकी जेब में इलेक्ट्रॉनिक रिमोट है, जिससे घटतौली कर रहा था। रिमोट मिलते ही वहां हगामा हो गया। राजेश की सूचना पर कोतवाल शत्रुघ्न उपाध्याय पहुंच गए। पुलिस को देखते ही पंप पर मौजूद कर्मचारी आफिस का ताला लगाकर व पंप की सप्लाई बंद कर भाग गए। पुलिस ने लोगों को खदेड़कर जाम खुलवाया।
तीन युवक हिरासत में लिए। कोतवाल ने बताया कि पेट्रोल पंप मालिक व सेल्समैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप और ऑफिस को सीज कर दिया गया है।